गुजरात सीएम ने कैबिनेट संग किए रामलला के दर्शन, कहा- यह हर भारतीय की सांस्कृतिक विरासत की समृद्धि का प्रतिबिंब

अयोध्‍या: गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार (2 मार्च) को अपनी कैबिनेट के साथ अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए। 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज सुबह महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचा। यहां सरकार की तरफ से कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व संगठन की ओर से शैलेंद्र कोरी ने उनका स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत में गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि हर एक हिंदू का यह संकल्प था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए। प्रभु श्री रामचंद्र कृपा से ऐसे ऐतिहासिक मंदिर की भूमि पूजन और प्राण-प्रतिष्ठा दोनों ही पवित्र कार्य का सौभाग्य PM नरेंद्र भाई मोदी जी को प्राप्त हुआ।

गुजरात सीएम ने कैबिनेट संग किए रामलला के दर्शन

22 जनवरी का दिन भारत और पूरे विश्‍व के राम भक्तों के लिए पवित्र दिन

उन्होंने कहा कि भव्य और दिव्य राम मंदिर हर भारतीय की चेतना में अंकित हुए और सांस्कृतिक विरासत की समृद्धि का प्रतिबिंब बन गया है। 22 जनवरी का दिन सभी भारतीयों और दुनिया भर के राम भक्तों के लिए एक पवित्र अवसर बन गया है। इस कल्पना को अनेक पीढ़ियां वर्षों तक अपने हृदय में संजो कर रखेंगी।

सीएम भूपेंद्र ने कहा कि रामलला के दर्शन के लिए आ रहे गुजरात प्रवासियों को मंदिर के निकट आवास सुविधा के लिए गुजरात यात्री निवास के निर्माण का भी निर्णय किया है। इतना ही नहीं राज्य के इस वर्ष के बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है। अयोध्या में भविष्य में निर्मित होने वाले गुजराती यात्री निवास के लिए लैंड अलाट करने के लिए मैं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।