शिमला में बादल फटने से तेज बारिश, 132 सड़कें बंद; यूपी-राजस्थान समेत 19 राज्यों में अलर्ट

नई दिल्‍ली: हिमाचल के शिमला में शुक्रवार देर रात (16 अगस्‍त) बादल फटने के बाद शुरू हुई तेज बारिश अब तक जारी है। इस वजह से 132 सड़कें बंद हैं। वहीं, किन्नौर और चंबा में लैंडस्लाइड के कारण कुछ सड़कें बंद हैं। इसके अलावा ओडिशा के 30 जिलों में भी बाढ़ का अनुमान है। राज्य सरकार ने सभी जिलों के डीएम को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया है। मछुआरों को भी समुद्र से दूर रहने को कहा गया है।

उधर, उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर और बहाव तेज है। आगरा में दो भाई यमुना में बह गए। वे फिरोजाबाद जिले के रहने वाले थे। गोताखोरों ने दोनों के शव शनिवार को बरामद किए। मौसम विभाग ने रविवार (18 अगस्त) को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केवल पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल में बादल फटने की घटनाओं में 32 मौतें

हिमाचल प्रदेश में 31 जुलाई की रात कुल्लू, मंडी, शिमला जिलों में बादल फटा था। इसके कारण इन जिलों में 56 से ज्यादा लोग बह गए थे। हादसे में मरने वालों की संख्या 32 हो गई है। शुक्रवार को 4 शव और बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि 14 लोग अभी भी लापता हैं।

कर्नाटक में मानसून सीजन में 67 मौतें

कर्नाटक में बारिश के जुड़ी घटनाओं में अब तक 67 लोगों की मौत हो चुकी है। 1 जून से 15 अगस्त तक राज्य में बारिश सामान्य से 22 प्रतिशत ज्यादा रही। मौसम विभाग ने 4 हफ्ते तक कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान जताया है।अधिकारियों ने आने वाले 4 दिनों तक मछुआरों को समुद्र से दूर रहने को कहा है।

19 अगस्त को 16 राज्यों में बारिश

मौसम विभाग ने 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और झारखंड के कुछ जिलों में बिजली गिरने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने ओडिशा में मछुआरों को समुद्री तट से दूरी बनाए रखने को कहा है। यहां 20 अगस्त तक बाढ़ का अलर्ट है।