हैदराबाद: जब से ‘हेरा फेरी 3’ का एलान हुआ है, तब से ही इस कॉमेडी सीक्वल को लेकर एक के बाद एक विवाद सामने आ रहे हैं, परेश रावल का अचानक फिल्म छोड़ना और फिर वापस आना, फ्रेंचाइजी के अधिकारों को लेकर कानूनी लड़ाई और प्रियदर्शन का डायरेक्टर के तौर पर फिल्म से अलग होना, इन सब वजहों से फिल्म का भविष्य खतरे में पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. फिल्ममेकर ने अब कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि फिल्म का तीसरा भाग कभी बन पाएगा.
एक इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने बताया कि ‘हेरा फेरी 3’ बनाने में बहुत सारी मुश्किलें हैं. उन्होंने कहा, “इसमें कई और भी मुश्किलें हैं, बहुत सारी मुश्किलें. इस बारे में बात करने के लिए मुझे कई पन्ने लिखने पड़ेंगे.” जब डायरेक्टर से पूछा गया कि क्या इस फिल्म का तीसरा पार्ट कभी बन पाएगा, तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह कभी बन पाएगी.”
फिल्ममेकर ने सीक्वल के बारे में भी बात की. उन्होंने खुलकर बताया कि वे कभी सीक्वल क्यों नहीं बनाते. उन्होंने कहा कि दूसरा पार्ट पहले से बेहतर होना चाहिए, जैसे ‘टर्मिनेटर 2’ पहले पार्ट से बेहतर थी. उनकी राय में, किसी आइकॉनिक फिल्म को तब तक हाथ नहीं लगाना चाहिए जब तक आपके पास उससे बेहतर कहानी न हो. उन्हें लगता है कि अगर आप पहले पार्ट से बेहतर कुछ नहीं बना सकते, तो फ्रेंचाइजी का कोई मतलब नहीं है.
प्रियदर्शन ने कहा, “सीक्वल के साथ होता यह है कि वे पहली फिल्म की वैल्यू बेच रहे होते हैं. वे फिल्म नहीं बना रहे होते, बल्कि एक प्रोजेक्ट बना रहे होते हैं, और मुझे प्रोजेक्ट्स में कोई दिलचस्पी नहीं है. “‘भागम भाग’ के समय भी अक्षय ने मुझसे पूछा था कि ‘क्या आप निर्देशन में दिलचस्पी रखते हैं?’ मैंने कहा, नहीं.”
बता दें, ‘हेरा फेरी 3’ मालिकाना हक को लेकर कानूनी विवाद में फंसी हुई है. खबरों के मुताबिक, कंपनी का तर्क था कि प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के पास इस फ्रैंचाइजी के पूरे अधिकार नहीं थे.
हाल ही में प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म हैवान रिलीज हुई थी. अक्षय और सैफ अली खान की इस फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली. बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर के साथ बनी यह क्राइम थ्रिलर फिल्म बॉक्स ऑफ़िस पर बुरी तरह फ्लॉप रही. सैकनिल्क के अनुसार, ‘हैवान’ ने भारत में सिर्फ 9.92 करोड़ रुपये कमाए, जबकि दुनिया भर में इसकी कमाई 15.08 करोड़ रुपये रही. इससे पहले, फ़िल्ममेकर ने ‘हेरा फेरी’, ‘हंगामा’, ‘भागम भाग’, ‘चुप चुप के’, ‘भूल भुलैया’, ‘मालामाल वीकली’, ‘हलचल’ जैसी सफल फिल्मों पर काम किया है.
