दो बार मिली है मुझे हत्या की धमकी, फिर भी प्रशासन ने हटा दी सुरक्षा: विधायक ई. सरवन निषाद

चौरी चौरा: यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे ई. सरवन निषाद ने पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न और मनमानी का गंभीर आरोप लगाया है। सरवन निषाद गोरखपुर की चौरी चौरा विधानसभा से विधायक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरी जान का खतरा होने के बाद भी सुरक्षा हटा दी गई है।

विधायक ई. सरवन निषाद ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि भाजपा के पिछड़ा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपक कुमार जायसवाल के साथ चौरी चौरा पुलिस का व्यवहार घोर निंदनीय और मनमानी पूर्ण रवैया है। राजनीति में मुकदमे दर्ज होते हैं, इसका यह मतलब नहीं है कि वह अपराधी है और चौरी चौरा पुलिस ने जो दुर्व्यवहार किया है, वह सरासर गलत है। कार्यालय में घुसकर एक सम्मानित व्यक्ति को अपराधी करना यह कहीं से भी सही नहीं है, इससे समाज में गलत संदेश जाता है और कार्यकर्ताओं में निराशा होती है।

शासन-प्रशासन पर को भी घेरा

विधायक ई. सरवन निषाद ने बताया कि एक साल पहले मुझे जेल से जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद मुझे सुरक्षा प्रदान की गई थी। जिस सुरक्षा को जिला प्रशासन ने मनमानी तरीके से हटा लिया है। राजनीति में हम लोग अपने समाज के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ते हैं, तमाम विरोधी दल एवं विरोधियों की आंखों में खटकते हैं। जमुना निषाद सहित दर्जनों निषाद समाज के नेताओं की हत्या हुई है। अभी हाल ही में बिहार में निषाद समाज के नेता मुकेश सहनी के पिता की निर्मम हत्या हुई है, इसके बावजूद भी शासन प्रशासन मेरी सुरक्षा हटाकर मनमानी रवैया अपना रहा है और सुरक्षा हटाकर जिला प्रशासन मेरे खिलाफ साजिश कर रहा है।

चौरी चौरा विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश में निषाद समाज के जोड़ने और उनके हक और अधिकारों की लड़ाई में लगातार हम लोग संगठन के कार्यों और अन्य गतिविधियों में पूरे प्रदेश और देश में भ्रमण करते हैं। जहां सुरक्षा जरूरी होती है, लेकिन सुरक्षा हटाकर गोरखपुर जिला प्रशासन मनमानी कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मिलकर पूरे मामले को अवगत कराऊंगा, दोषी पर कार्रवाई की मांग करूंगा।