महिला शक्ति संवाद में पीएम मोदी का विपक्ष पर वार, बोले- पहले बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था, अब सुरक्षित

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी में महिलाओं के साथ सबसे बड़ा महा सम्मेलन हो रहा है। डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में मंगलवार (21 मई) को आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में महिलाओं ने उनका पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। नमो पार्वती पतये हर- हर महादेव के साथ पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काशी में राजकाज बाबा विश्वनाथ का है, लेकिन व्यवस्था माता अन्नपूर्णा चलाती हैं। भोजपुरी में बोले कि पहली बार है नामांकन अपने माई के उपस्थिति के बिना कइले हइं। मां गंगा ही हमरी माई हईं। बोले इतनी सारी मातृ शक्ति की मौजूदगी मुझे अभिभूत कर रही हैं। उन्‍होंने कहा कि आप सभी समय निकालकर आईं। आपका आभारी हूं। बनारस को लेकर निश्चिंत रहता हूं। आप सब संभाल लेती हैं। इस गर्मी में स्वास्थ्य का ध्यान रखिये। आपको गांवों में जाना होता है, पानी खूब पीजिये। बिना खाए घर से मत निकलिए।

बहन -बेटियों का पहले घर से निकलना था मुश्किल: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में पहली बार सरकार की नीतियों से लेकर निर्णयों तक, हमारी माताएं-बहनें केंद्र में आईं हैं। भले ही इस पर उतनी चर्चा न हो पाई हो, लेकिन ये भारत की सक्सेस स्टोरी का बहुत बड़ा फैक्टर है। जब घर आपके बिना नहीं चलता, तो देश आपके बिना कैसे चल जाता? ये बात 60 वर्षों तक सरकारों को समझ ही नहीं आई। कांग्रेस और सपा की सरकारों ने महिलाओं के साथ क्या किया… केवल उपेक्षा और असुरक्षा। उन्‍होंने कहा कि इंडी गठबंधन की मानसिकता ही महिला विरोधी है। इंडी गठबंधन वाले महिला आरक्षण का विरोध करते हैं। सपा वाले बेशर्मी से कहते थे कि लड़के हैं, लड़कों से तो गलती हो जाती है, लेकिन आज सपा के लड़के जरा गलती करके दिखाएं… योगी की सरकार उनका वो हाल करेगी, जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा।

महिला शक्ति संवाद में पीएम मोदी का विपक्ष पर वार

उन्‍होंने कहा कि पहली बार केंद्र में ऐसी सरकार आई है, जिसने महिलाओं के सम्मान की चिंता की। उनको इज्जत घर बनाकर दिए, गरीब महिलाओं के लिए बैंक खाते खुलवाए। 4 करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण करवाया और उसकी रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर हुई। इससे नारीशक्ति को नया आत्मविश्वास मिला। यही मेरा मिशन था, यही मेरी सोच थी। कांग्रेस की सरकारों की पहचान एक गाने से खूब होती है और वो गाना बहुत popular रहा है- महंगाई डायन खाये जात है… कांग्रेस आई, महंगाई लाई। कांग्रेस सरकार आई होती तो आज आपकी रसोई का बजट दो से तीन गुना बढ़ चुका होता। लेकिन ये भाजपा है, ये गरीब का बेटा मोदी है, जो लगातार प्रयास करता है कि आपके खर्चे कम हों और बचत ज्यादा से ज्यादा बढ़े, इसलिए मोदी ने मुफ्त राशन की योजना चलाई है।

3 लाख से ज्‍यादा लोगों का हुआ मोतियाबिंद का ऑपरेशन

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे काशी में 3 लाख से ज्यादा लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ है। मुझे पता है कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन में कम से कम 10 हजार रुपए खर्च होता है। यानी, दो आंख का 20 हजार। मोदी ने यहां 3 लाख परिवारों के 10-10 हजार रुपये बचाने का पवित्र काम किया है।

2014 से पहले पहले बेटियां सुरक्षित नहीं थीं: सीएम योगी

इससे पहले मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधी आबादी को देश की संसद प्रतिनिधित्व का मौका प्रधानमंत्री ने दिया। 2014 के पहले बेटियां असुरक्षित थीं। आज महिलाएं सुरक्षित हैं। देश की सीमा सुरक्षित है। हर तबके में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को पीएम ने आगे बढ़ाया है। सीएम योगी ने महिलाओं से फिर एक बार मोदी सरकार। अबकी बार चार सौ पार का नारा लगवाया। बहनों 2014 के पहले का काशी और आज की काशी पूरी तरह कायाकल्प हो गया है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता को केवल लटकाया भटकाया। 33% आरक्षण का मुद्दा लटकाया गया, लेकिन पीएम ने आरक्षण लागू किया।

पीएम मोदी के साथ मंच पर भाजपा के कई दिग्गज मौजूद

महिला शक्ति संवाद के जरिए महिला सम्मेलन के कार्यक्रम में काशी के साथ आसपास के जिलों की महिलाएं भी शामिल हुई हैं। पीएम मोदी के साथ मंच पर सीएम योगी, महेंद्र नाथ पांडेय, बीपी सरोज के साथ अन्य लोग मौजूद हैं।