जम्मू: खाई में गिरी हाथरस की बस, 22 लोगों की मौत; प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

हाथरस: जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) पर अखनूर के टूंगी मोड़ क्षेत्र में गुरुवार (30 मई) को यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने और करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 20 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।

टूंगी मोड़ क्षेत्र में आज लगभग 12.00 बजे एक बस संख्या UP-86 EC 4078 है, जो हरियाणा के कुरूक्षेत्र से उत्तर प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालुओं को शिवखोरी, पौनी ले जा रही थी, दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में घायल हुए श्रद्धालु अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, भरतपुर, लालपुर के रहने वाले हैं। घायलों में एक नाबालिग लड़की उम्र लगभग 07/08 वर्ष, एक अज्ञात महिला उम्र लगभग 50 वर्ष और एक अज्ञात पुरुष उम्र लगभग 60 वर्ष भी शामिल हैं।

हाथरस प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

जम्मू के अखनूर में हाथरस की बस खाई में पलटने की सूचना मिलते ही हाथरस जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन तत्काल बस नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से ब्यौरा एकत्रित करना शुरू कर दिया। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने बस गिरने की सूचना मिलते ही तत्काल हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए।

जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अखनूर में हाथरस की बस खाई में पलटने की सूचना प्राप्त हुई है। आधा दर्जन से अधिक लोगों के मरने की आशंका जताई गई है। अपने-अपने क्षेत्र से गई हुई बसों के बारे में जानकारी कर लें।डीएम ने कहा कि  आम लोगों की सहायता हेतु हेल्पलाईन नंबर 05722227041 और 05722227042 जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।