ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां का निधन, प्रियंका गांधी ने श्रद्धांजलि देते हुए कही ये बात  

लखनऊ: कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार (15 मई) को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां के निधन पर दु:ख व्यक्त किया। साथ ही उन्हें एक साहसी महिला बताया।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय श्री माधवराव सिंधिया जी की धर्मपत्नी एवं श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता जी श्रीमती माधवीराजे सिंधिया जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। वह विनम्र और साहसी महिला थीं, उनको हम हमेशा आदर से याद करेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी इन दिनों लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए रायबरेली और अमेठी में हैं। बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया मार्च, 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।