10 रुपये के विवाद में हत्‍या, बर्फ तोड़ने वाले सूजे से बेरहमी से किया मर्डर

बरेली: जनपद में एक ऐसी वजह से हत्‍या हो गई, जो दिल दहला देने वाली है। यहां दो बच्चे बर्फ का गोला खाना चाहते थे, लेकिन उनके पास 20 के बजाय सिर्फ 10 रुपये थे। पिता ने विक्रेता पर इतने ही रुपये में दोनों के लिए बर्फ देने का दबाव बनाया तो विवाद हो गया। इसी में विक्रेता ने उनके पेट में सूजे से कई प्रहार कर हत्या कर दी।

आरोपित को हमलावर होता देख दोनों बच्चे उस समय वहां से भाग गए, लेकिन बाद में लौटे तो दहशत में आ गए। उनके पिता खून से लथपथ थे। लोगों ने आरोपित शेर सिंह को पकड़कर पुलिस बुलाई। रात को पुलिस ने आरोपित शेर सिंह पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली।

समझिए पूरा मामला

बुधवार शाम पांच बजे फतेहगंज पश्चिमी का शेर सिंह माधोपुर गांव में बर्फ का गोला (बर्फ घिसकर बनी आइसक्रीम) बेच रहा था। उसी दौरान संजू के दो बच्चे बर्फ लेने पहुंचे। उनके पास 10 रुपये देखकर शेर सिंह ने कहा कि इतने में एक बच्चे को बर्फ मिल सकेगी। यह देखकर संजू ने कहा कि पांच-पांच रुपये की बर्फ दोनों बच्चों को दे दें मगर, शेर सिंह नहीं माना। इसी बात पर दोनों में कहासुनी होने लगी।

विवाद के बीच शेर सिंह ने बर्फ तोड़ने वाला सूजा से संजू के पेट पर कई प्रहार कर दिए। उनकी चीख सुनकर कई ग्रामीण बचाने दौड़े। संजू को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां रात को उनकी मृत्यु हो गई। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। उसे जेल भेजा जाएगा।