अमेठी: गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने शुक्रवार (3 मई) को नामांकन दाखिल कर दिया है। इसके पहले कांग्रेस कार्यालय से रोड शो निकालते हुए वह कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि केएल शर्मा को गांधी परिवार से वफादारी का इनाम मिला है। वह मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। सन् 1983 के आसपास राजीव गांधी उन्हें पहली बार अमेठी लेकर आए थे, तब से वह यहीं के होकर रह गए। सन् 1991 में राजीव गांधी की मौत के बाद जब गांधी परिवार ने यहां से चुनाव लड़ना बंद किया तो भी शर्मा कांग्रेस पार्टी के सांसद के लिए काम करते रहे।
रायबरेली के बजाय अमेठी से उतारा
रायबरेली से सोनिया गांधी के सांसद चुने जाने के बाद उनके प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते रहे। सोनिया गांधी के चुनाव नहीं लड़ने पर किशोरी को रायबरेली से दावेदार माना जा रहा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें रायबरेली के बजाय अमेठी से उम्मीदवार बनाया है।
अमेठी में अब तक रहे सांसद
- 1967- विद्याधर बाजपेई- कांग्रेस
- 1971-विद्याधर बाजपेई- कांग्रेस
- 1977-रवींद्र प्रताप सिंह- भारतीय लोक दल
- 1980- संजय गांधी- कांग्रेस
- 1981- राजीव गांधी- कांग्रेस
- 1984- राजीव गांधी- कांग्रेस
- 1989- राजीव गांधी- कांग्रेस
- 1991- राजीव गांधी- कांग्रेस
- 1991- सतीश शर्मा- कांग्रेस
- 1996- सतीश शर्मा- कांग्रेस
- 1998- संजय सिंह- भाजपा
- 1999- सोनिया गांधी- कांग्रेस
- 2004- राहुल गांधी- कांग्रेस
- 2009- राहुल गांधी- कांग्रेस
- 2014- राहुल गांधी- कांग्रेस
- 2019- स्मृति जूबिन इरानी- भाजपा
