हैदराबाद: रामायण के मेकर्स नमित मल्होत्रा ने फिल्म से रानी कैकेयी के रूप में लारा दत्ता और मंथरा के रूप में शीबा चड्ढा के कैरेक्टर पोस्टर्स से पर्दा उठा दिया है. यह पोस्टर महाकाव्य के दो अहम किरदारों को सामने लाते हुए उन घटनाओं की तरफ इशारा करते हैं कि कैसे ये भगवान राम का भाग्य हमेशा के लिए बदल देंगी.
पोस्टर्स ने कहानी के टर्निंग प्वाइंट की ओर इशारा किया है. रानी कैकेयी की दो इच्छाएं जो राजा दशरथ और उनके बेटे भगवान राम के लिए सब कुछ बदल देती हैं, वहीं रानी के इस कदम के पीछे मौजूद मंथरा की बातें होती हैं, जो ऐसी घटनाओं का सिलसिला शुरू करती है, जिससे पूरे राज्य का भविष्य बदल जाता है.
यह दोनों नए पोस्टर्स अरुण गोविल के राजा दशरथ के रूप में जारी किए गए पोस्टर के बाद सामने आए हैं. अरुण गोविल जिन्होंने कई पीढ़ियों के दिलों में भगवान राम के रूप में टीवी पर अपनी पहचान बनाई, वह अब अयोध्या के राजा दशरथ के रूप में रामायण की दुनिया के जरिए लौट रहे हैं.
फिल्म से रिलीज किए गए यह दोनों पोस्टर इस बात की तरफ इशारा करते हैं कि इन दोनों किरदारों की राम के सफर में होने वाले बदलाव में कितनी बड़ी भूमिका है.
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रॉकिंग स्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायण’ को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है.
यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी. फिल्म का पार्ट 1, दिवाली 2026 और पार्ट 2 दिवाली 2027 में दुनियाभर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगा. फिल्म को सोनी पिक्चर्स दुनिया भर में रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी मार्केट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं. फिल्म दुनियाभर में IMAX में रिलीज होगी.

