Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा ने यूपी की 80 में से 51 सीटों पर उम्मीदवार के नामों का ऐलान कर दिया है। सूत्रों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी ने सुभासपा को घोसी लोकसभा सीट दे दी है। एनडीए कोटे से अरविंद राजभर घोसी सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
कौन हैं अरविंद राजभर
अरविंद राजभर माफिया मुख्तार अंसारी के गढ़ माने जाने वाले घोसी से ताल ठोंकेगे। वे सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। वे सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के बड़े बेटे हैं। वर्तमान में अतुल राय घोसी से सांसद हैं, जोकि बसपा के नेता हैं। ओम प्रकाश राजभर राजभर समुदाय से आते हैं, उनकी संख्या पूर्वांचल में अच्छी खासी है। घोसी लोकसभा सीट पर राजभर सुमदाय के लोग काफी ज्यादा हैं, जिसका फायदा अरविंद राजभर को लोकसभा चुनाव में मिल सकता है।
यूपी में एनडीए के बीच सीट शेयरिंग फाइनल!
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी इस बार एनडीए के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। सूत्रों के मुताबिक़, भाजपा ने यूपी में सुभासपा को एक लोकसभा सीट घोसी दी है, जबकि जयंत चौधरी की पार्टी आरएलडी को दो सीटें बिजनौर और बागपात मिली हैं। सुभासपा ने घोसी से अरविंद राजभर और आरएलडी ने बिजनौर से चंदन चौहान एवं बागपत सीट से डॉ. राजकुमार सांगवान को प्रत्याशी घोषित किया है।
यूपी में होगा त्रिकोणीय मुकाबला
आपको बता दें कि यूपी में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। एक तरफ एनडीए तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन है। साथ ही बसपा सुप्रीमो मायावती ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। सभी पार्टियां अपने-अपने तरीके से वोटरों को साधने की कोशिश कर रही हैं।