लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण के लिए उत्तर प्रदेश में 13 लोकसभा सीटों पर अब तक 19 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। बुधवार (8 मई) को 14 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसके पहले पांच प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। वहीं, दुद्धी (अजजा) विधानसभा उप चुनाव के लिए अब तक नामांकन शून्य है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में सातवें चरण की 13 लोकसभा चुनाव क्षेत्रों के लिए बुधवार को महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, घोसी, सलेमपुर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी और मिर्जापुर से नामांकन किया गया। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 14 मई है। नामांकन पत्रों की जांच 15 मई को की जाएगी और 17 मई नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। इन सीटों पर मतदान एक जून को होगा।