लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण का मतदान कल, यूपी की 10 समेत 93 सीटों पर मैदान में हैं दिग्‍गज

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में 12 राज्यों की 93 सीटों पर मंगलवार (7 मई) को मतदान होना है। अनंतनाग-राजौरी सीट पर होने वाला चुनाव अब छठे चरण के लिए टाल दिया गया है। इस चरण में 1.88 करोड़ मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय करने वाले हैं। इनमें एक करोड़ से ज्यादा पुरुष और 87 लाख से ज्यादा महिला मतदाता शामिल हैं।

मंगलवार को जिन 12 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान होना है, उनमें उत्तर प्रदेश की 10, बिहार की पांच, मध्य प्रदेश की आठ, पश्चिम बंगाल की चार, महाराष्ट्र की ग्यारह, कर्नाटक की चौदह, छत्तीसगढ़ की सात, गोवा की दो, दमन और दीव की दो और गुजरात की सभी 25 सीटें शामिल हैं।

उत्‍तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर पड़ेंगे वोट

7 मई को तीसरे चरण में यूपी की 10 सीटों पर मतदान होगा, जिनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सिकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल हैं। पिछली बार इन 10 में से आठ सीट पर बीजेपी ने कब्जा किया था। वहीं, अगर इन सीटों पर बड़े चेहरों की बात की जाए तो मैनपुरी से डिंपल यादव का मुकाबला योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह से है। बदायूं से शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य और फिरोजाबाद से राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव चुनावी मैदान में हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल आगरा से और मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि हाथरस से मैदान में हैं।

इन उम्मीदवारों पर भी नजर

तीसरे चरण में कुल 1,351 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, जबकि कांग्रेस से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रमुख हैं। इनके अलावा, डिंपल यादव, सुप्रिया सुले, अधीर रंजन चौधरी और बदरुद्दीन अजमल जैसे दिग्गजों की किस्मत भी दांव पर लगी है।