लोकसभा चुनाव 2024: दूसरे चरण में 11 बजे तक त्रिपुरा में 36 तो महाराष्‍ट्र में 18% वोटिंग

नई दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में शुक्रवार (26 अप्रैल) को 13 राज्यों के मतदाता 88 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए वोटिंग कर रहे हैं। जिन 88 सीटों पर इस चरण में मतदान हो रहा है, उनमें आधी से अधिक सीटें यानी 52 भाजपा के पास हैं, वहीं कांग्रेस के पास 22 सीटें हैं।

सुबह 11 बजे तक राज्यवार मतदान प्रतिशत

असम- 27.43%

बिहार- 21.68%

छत्तीसगढ़- 35.47%

जम्मू् कश्मीर- 26.61%

कर्नाटक- 22.34%

केरल- 25.61%

मध्य प्रदेश- 28.15%

महाराष्ट्र- 18.83%

मणिपुर- 33.22%

राजस्थान- 26.84%

त्रिपुरा- 36.42%

यूपी- 24.31%

पश्चिम बंगाल- 31.25%

भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या ने विरासत टैक्स को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

बंगलूरू से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का विरासत टैक्स को लेकर जो तर्क है ये दो-तीन कारणों से विरोधाभास है… अगर कांग्रेस विरासत के खिलाफ है, तो राहुल गांधी और सोनिया गांधी को कांग्रेस की विरासत क्यों मिल रही है? कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों में से 12 सीटों पर कांग्रेस मंत्रियों के बेटे या बेटियां चुनाव लड़ रहे हैं। आप अपने बच्चों को राजनीतिक विरासत देने के लिए तैयार हैं लेकिन आप देश के गरीब और सामान्य नागरिक द्वारा उनके बच्चों को दी जाने वाली मेहनत की कमाई के बीच में आ रहे हैं।

नवनीत राणा बोलीं- पीएम मोदी जैसे काम कर रहे हैं, उससे सकारात्मक माहौल है

अमरावती लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा ने कहा, ‘आप मेरा चेहरा देख सकते हैं। वो खुशी, आकर्षण और सकारात्मकता मैंने हमेशा जारी रखी है… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह… जिस तरह से काम कर रहे हैं, उसे लेकर मेरे अंदर भी सकारात्मकता है।’