पाँच दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय मुख्य न्यायाधीश सम्मेलन में 50 देशों राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्य न्यायाधीश करेंगे प्रतिभाग

ताजमहल का दीदार करने आगरा भी जाएंगे

लखनऊ: सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तत्वावधान में ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का 24वीं अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन 3 से 7 नवम्बर 2023 तक सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। इस अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग हेतु विभिन्न देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, न्यायमंत्री, इण्टरनेशनल कोर्ट के न्यायाधीश एवं विश्व प्रसिद्ध शान्ति संगठनों के प्रमुख समेत 50 देश के 170 से अधिक मुख्य न्यायाधीश, न्यायाधीश व कानूनविद् लखनऊ पधार रहे हैं। यह जानकारी एक प्रेस कान्फ्रेन्स में सिटी मोन्टेसरी स्कूल शिक्षाविद एवं अन्तरराष्ट्रीय मुख्य न्यायाधीश सम्मेलन के संयोजक डा. जगदीश गाँधी ने पत्रकारों को दी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51’ पर आधारित यह ऐतिहासिक सम्मेलन विश्व एकता, विश्व शान्ति एवं विश्व के ढाई अरब से अधिक बच्चों के सुन्दर एवं सुरक्षित भविष्य को समर्पित है।

प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए डा. गाँधी ने बताया कि इस पाँच दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में पधारने वाली प्रख्यात हस्तियों में स्टीपन मेसिक, पूर्व राष्ट्रपति, क्रोएशिया: जोसेले में प्रिवर्ट, पूर्व राष्ट्रपति, हैती, जीन- हेनरी सेन्ट, पूर्व प्रधानमंत्री, हैती डा. पकालिया बी. मोसिलिली, पूर्व प्रधानमंत्री, लेसोथो, माननीय न्यायमूर्ति मेकी मफलाला, मुख्य न्यायाधीश, एस्वातिनी, न्यायमूर्ति चान रीक मदत, मुख्य न्यायाधीश, दक्षिण सूडान, न्यायमूर्ति हसन बुबकर जालो, प्रेसीडेन्ट, सर्वोच्च न्यायालय, गाम्बिया, न्यायमूर्ति बीबी रेहाना मुगली-गुलबुल, मुख्य न्यायाधीश, मॉरीशस, न्यायमूर्ति ओलू अरिवृला, मुख्य न्यायाधीश, नाइजीरिया, न्यायमूर्ति डा. जोएल लियोनार्डो, अध्यक्ष, सर्वोच्च न्यायालय, अंगोला, न्यायमूर्ति विक्टर डासी ओडोसी, अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट, बेनिन, न्यायमूर्ति एडेलिनो मैनुअल मुचांगा, मुख्य न्यायाधीश, मोजाम्बिक, न्यायमूर्ति रॉक्सैन जार्ज विल्टशायर, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, गुयाना एवं न्यायमूर्ति डॉ. आदेल ओमेर शेरिफ उप मुख्य न्यायाधीश मिस्र आदि प्रमुख हैं।

इस ऐतिहासिक सम्मेलन की रूपरेखा बताते हुए डा. गाँधी ने कहा कि विभिन्न देशों के न्यायविद् य अन्य प्रख्यात हस्तियाँ 1 नवम्बर को दिल्ली पधारेंगे एवं ताजमहल का दीदार करने आगरा जायेंगे। इसके उपरान्त दिल्ली लौटकर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे एवं नई दिल्ली स्थित कान्स्टीट्यूशन क्लब में सम्मेलन के प्रथम सत्र को सम्बोधित करेंगे। 3 नवम्बर को विभिन्न देशों के न्यायविद् व अन्य प्रख्यात हस्तियाँ लखनऊ पधारेंगे।

सीएमएस के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में जिन 50 देशों के मुख्य न्यायाधीश, न्यायाधीश व कानूनविद् आदि प्रतिभाग कर रहे हैं। उनमें अल्बानिया, अंगोला, आस्ट्रेलिया, बेलीज बेनिन, बोस्निया एण्ड हर्जेगोविना बोत्सवाना, ब्राजील, बुर्किना फासो, कैमरून, कोस्टारिका, क्रोएशिया, कांगो, जिबूटी इक्वाडोर मिस्र, इक्वाटोरियल गिनी इस्वातिनि, इथियोपिया, गाम्बिया, जार्जिया, जर्मनी, गिनी, गुयाना हैती, किर्गिज रिपब्लिक, लेबनान, लिसोथो, लक्ज़मबर्ग, मेडागास्कर मलावी, माल्टा, मारिटानिया, मारीशस, मंगोलिया, मोजाम्बिक, म्यांमार, निकारागुआ, नाइजीरिया, पेरू, पोलैंड, साओ टोमे एण्ड प्रिंसिपे, दक्षिण कोरिया, दक्षिण सूडान सूरीनाम, स्विट्ज़रलैंड, छाड, अमेरिका, वेनेजुएला एवं भारत प्रमुख हैं।

-आरएल पाण्डेय की रिपोर्ट