स्वर्गीय कल्याण सिंह एक जुझारू एवं संघर्षशील जनप्रतिनिधि थे: केशव प्रसाद मौर्य

जन्म जयंती पर कल्याण सिंह को किया गया याद

लखनऊ: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय सात कालिदास मार्ग पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह संघर्षशील एवं जुझारू जनप्रतिनिधि थे। उन्हें राष्ट्रवादी राजनेता के रूप में जाना जाता है। उनका राजनीतिक जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। मौर्य ने स्वर्गीय कल्याण सिंह की जन्म तिथि के अवसर पर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। कहा कि समाज और राष्ट्र की नि:स्वार्थ सेवा के लिए वह हमेशा याद किये जाएंगे।