इटावा: जनपद के ऊसराहर थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर एक डबल डेकर बस के शनिवार देर रात गलत दिशा से आ रही कार से टकराने के बाद खंदक में पलट गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने रविवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि तीन/चार अगस्त की दरमियानी रात को करीब पौने एक बजे नगालैंड के नंबर वाली एक डबल डेकर बस रायबरेली से दिल्ली जा रही थी, तभी वह रास्ते में इटावा जिले के ऊसराहर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 129 के पास सामने से आ रही एक कार से टकरा गई। बताया जाता है कि कार आगरा से लखनऊ की तरफ जा रही थी।
बस में सवार थे करीब 60 लोग
अधिकारी के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि कार चालक को नींद आ गई और गलत लेन में दाखिल होने के कारण उसकी गाड़ी सामने से आ रही बस से टकरा गई। उन्होंने बताया कि टक्कर से अनियंत्रित हुई बस सड़क के किनारे खंदक (गहरा गड्ढा) में जा गिरी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक महिला समेत सात लोगों की मौत हो गई, 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वर्मा ने बताया कि बस में लगभग 60 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि सुरक्षित बचे लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के इंतजाम किए जा रहे हैं।