11th Nov Header

हिमाचल के सोलंग में हिमस्‍खलन से पलटी कई गाड़ियां पलटीं, जम्‍मू-कश्‍मीर में भारी बर्फबारी

नई दिल्‍ली: हिमाचल प्रदेश के सोलंग में शनिवार (2 मार्च) को हिमस्खलन हुआ है। इसके चलते नेहरू कुंड के पास सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां पलट गईं। हालांकि, अभी तक किसी तरह की जनहानि की कोई खबर सामने नहीं आई है।

फिलहाल, प्रशासन मौके पर है और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ियों को निकाला जा रहा है। साथ ही चंबा जिले में बारिश के कारण रुणहुकोठी के सियूका में भूस्खलन से तीन घर डैमेज हुए हैं। अचानक शुरू हुए भूस्खलन से लोगों ने भागकर जान बचाई। वहीं, सियूका में हुए भूस्खलन का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

हिमाचल और जम्‍मू-कश्‍मीर में रेड अलर्ट

इसके अलावा देश में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटे से बारिश-बर्फबारी हो रही है। दोनों राज्यों में आज रेड अलर्ट है। खराब मौसम के चलते राजौरी जिले में सभी स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं। बनिहाल और रामबन सेक्टर के बीच कई जगह लैंडस्लाइड हुई। इससे श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद हो गया। बर्फबारी के चलते श्रीनगर-लेह, मुगल रोड, सिंथन-किश्तवाड़, बांदीपोरा-गुरेज और कुपवाड़ा-तंगधार सड़कों पर भी ट्रैफिक रुका हुआ है।

हिमाचल के सोलंग में हिमस्‍खलन से पलटी कई गाड़ियां पलटीं

हिमाचल के अटल टनल, रोहतांग, केलांग, जिस्पा, दारचा, कोकसर और लाहौल घाटी में 4 से 6 इंच से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है। अटल टनल के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। लाहौल स्पीति में सबसे ज्यादा 228 सड़कें बंद हैं। बीती रात मध्य प्रदेश और दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी हुई। उत्तर प्रदेश में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई।

इन राज्‍यों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को उत्‍तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, सिक्किम, महाराष्‍ट्र और पश्चिम बंगाल में बूंदाबांदी की संभावना है।