मेरठ: रुड़की रोड पर पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में रैपिड एक्स के निर्माणधीन डोरली स्टेशन के पास चलती कार के ऊपर लोहे का भारी भरकम गार्डर गिर गया। यह गार्डर कार के पिछले हिस्से पर गिरा। इस हादसे में कार चला रहा सिपाही घायल हो गया। निर्माण कार्य में जुटे कर्मचारियों ने किसी तरह घायल सिपाही को कार से बाहर निकाला और एसडीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां सिपाही का उपचार कराया गया। गनीमत रही कि गार्डर कार के पिछले हिस्से पर गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे की वजह से रुड़की रोड पर जाम लग गया, बाद में क्रेन से गार्डर को हटाया गया।
मोदीपुरम जा रहा था सिपाही
मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव के रहने वाले अमित शर्मा उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात है। अमित शर्मा फिरोजाबाद में पोस्ट हैं। रविवार सुबह सात बजे अमित अपनी आई-10 कार से गांव से मोदीपुरम की तरफ जा रहे थे। जब अमित डोरली स्टेशन के पास पहुंचे, तभी अचानक पिलर उनकी कार के पिछले हिस्से पर गिर गया। गनीमत रही कि पिलर कार के पिछले हिस्से पर गिरा। पिलर गिरने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।