मिस वर्ल्‍ड 2024: प्रतियोगिता में ऐश्वर्या राय के गानों पर सिनी शेट्टी का डांस, फिर लिखी ये बात

एंटरटेनमेंट डेस्‍क: फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 रहीं सिनी शेट्टी इस समय 71वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत को गौरवान्वित कर रही हैं। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का फाइनल मुंबई में 9 मार्च को आयोजित होगा। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 117 देशों की कंटेस्टेंट भारत पहुंचीं हैं।

भारत इस प्रतियोगिता की मेजबानी लगभग 28 साल बाद कर रहा है। बीते दिन शनिवार को भारतीय प्रतियोगी सिनी शेट्टी मुंबई में प्रतियोगिता के दौरान रैंप पर चलीं। इस प्रतियोगिता के दौरान सिनी शेट्टी ने ऐश्वर्या राय बच्चन के गाने पर डांस करके सोशल मीडिया पर खूब सराहना बटोरी है।

ऐश्‍वर्या के गानों पर सिनी का डांस

सिनी शेट्टी ने टैलेंट राउंड में ऐश्वर्या राय बच्‍चन के कुछ पॉपुलर गानों जैसे- हम दिल दे चुके सनम से “निंबूड़ा”, “ताल से ताल मिला” और बंटी और बबली से “कजरा रे” गाने पर डांस किया था। सिनी ने भी अपने डांस प्रदर्शन वीडियो को साझा करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और लिखा- “71वें मिस वर्ल्ड में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए और ऐश्वर्या राय बच्चन के गाने पर अभिनेत्री को ट्रिब्यूट देने के बाद काफी उत्साहित हूं।”

मिस वर्ल्‍ड 2024: प्रतियोगिता में ऐश्वर्या राय के गानों पर सिनी शेट्टी का डांस

बता दें कि सिनी शेट्टी ने अपनी परफॉर्मेंस से मिस वर्ल्ड 1994 ऐश्वर्या राय को ट्रिब्यूट दिया। वायरल हो रहे वीडियो में सिनी भारतीय शास्त्रीय और बॉलीवुड डांस का कमाल का गठजोड़ दिखा रही हैं। ऐश्वर्या को दी गई इस ट्रिब्यूट वीडियो पर सिनी को खूब प्यार मिल रहा है। एक यूजर ने लिखा- “आप बहुत प्रतिभाशाली हैं, आप ऐश्वर्या राय बच्चन के नक्शेकदम पर ही चल रही हैं।” दूसरे यूजर ने लिखा- “यह लड़की इतिहास रचने जा रही है।”

मुंबई में होगा फाइनल

जानकारी के लिए बता दें कि 71वें मिस वर्ल्ड फेस्टिवल का ग्रैंड फिनाले जल्द ही होने वाला है। यह प्रतियोगिता 9 मार्च को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होने वाली है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सोनी लिव पर IST शाम 7:30 बजे से किया जाएगा।