लखनऊ: यूपी में मानसून वापसी का सिलसिला शुरू होने वाला है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में कोई भी मौसम तंत्र सक्रिय ना होने के कारण मंगलवार को मौसम ड्राई बना रहेगा. पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्रफल के चलते 23 सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला शुरू होकर, 26 सितंबर तक पूरे प्रदेश में पहुंचने की संभावना है.
दक्षिणी पश्चिमी मानसून राजस्थान से वापसी शुरू कर चुका है, वहीं अब 2-3 दिन बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी. सामान्यतः उत्तर प्रदेश में मानसून वापसी 25 सितंबर से शुरू होती है, इस बार एक-दो दिन पहले से ही मानसून वापसी के शुरू होने की संभावना है.
6% कम हुई बारिश: उत्तर प्रदेश में 1 जून से 21 सितंबर तक अनुमानित बारिश 713 मिली मीटर के सापेक्ष 679 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 6% कम है.
मौसम लखनऊ का: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. धूप खिलेगी, मौसम ड्राई बना रहेगा. अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बस्ती सबसे गर्म: सोमवार को उत्तर प्रदेश का बस्ती सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई जिले में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ड्राई हो जाने के चलते आगामी 2-3 दिनों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून वापसी के लिए परिस्थितयां अनुकूल होने के साथ ही मध्य बंगाल की खाड़ी पर अवस्थित सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के उत्तरोत्तर मजबूत होते हुए, पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में उत्तरी आंध्रप्रदेश-दक्षिणी उड़ीसा तट की ओर बढ़ने की संभावना के दृष्टिगत पूर्वांचल से बारिश का एक नया दौर शुरू होकर 24 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है.