एमपी सीएम मोहन यादव का अखिलेश पर निशाना, बोले- ये हत्यारों की कब्र पर चढ़ाते हैं फूल

गाजीपुर: उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गाजीपुर में भाजपा प्रत्याशी पारसनाथ राय के पक्ष में शेखपुर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि यदुवंशियों और निर्दोष लोगों की हत्या पर शोक जताने नहीं जाते हैं। लेकिन, वह हत्या करने वालों की कब्र पर जाकर फूल चढ़ाने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को अब नकार देना चाहिए।

एमपी सीएम ने कहा कि आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। देशभर में श्री राम का नारा गूंजा करता है। अयोध्या में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं। लेकिन यह देखकर बहुतों के पेट में दर्द और उनकी छाती पर सांप लोट रहा है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव गीता, गाय, गौ माता, गंगा और राम-कृष्ण का चुनाव है। जब मैं यह कहता हूं तो कांग्रेस के साथी कहते हैं कि आप धर्म की बात करते हैं तो मैं कहता हूं क्या हम अधर्म की बात करें। हम यदुवंशी हैं और गीता को मानने वाले हैं। हमारा प्रत्याशी गीता को मानने वाला होना चहिए। हम यदुवंशियों ने जब-जब अन्याय हुआ आतंकवाद, जब कोई गलत मार्ग पर गया उसे सही मार्ग पर लाया, ये परंपरा बंद नहीं होनी चाहिए।

गाजीपुर के विकास की बात

मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि गाजीपुर में फैक्ट्री नहीं है, इसका कारण पूछा तो लोगों ने बताया कि फैक्ट्री तो है, लेकिन यहां पर हथियार और आतंक का काम होता है। ऐसे लोग जनपद की पहचान को धूमिल करते हैं, इन्हें दूर करें। गाजीपुर में टिफिन बम, साइकिल बम फूटा करता था। आज गुंडागर्दी करने वाले बम फोड़ने वाले आतंक के पर्याय ठिकाने लगाए जा चुके हैं। यह चुनाव मात्र पार्टी का नहीं है, बल्कि यह चुनाव देश के विकास का है। अगर बम और बारूद की राजनीति करने वाले चुनाव जीत कर जाएंगे तो जनपद को कहां ले जाएंगे।

इस अवसर पर गाजीपुर सुधार मंडल अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में 8 मटकी दही भी मुख्यमंत्री मोहन सिंह यादव को भेंट किया गया। इसके अलावा चांदी का मुकुट, गदा और कृष्ण-राधा, कृष्ण और राम लला का नेताओं ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।