MP Election 2023: पीएम मोदी बोले- एमपी में आज भी भाजपा है, 3 दिसंबर के बाद भी होगी

प्रधानमंत्री ने बैतूल जिले में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर साधा निशाना  

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (14 नवंबर) को बैतूल जिले के दौरे पर पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई। जैसे-जैसे 17 नवंबर पास आ रहा है, कांग्रेस की पोल खुलती जा रही है। कांग्रेस ने खुद को भाग्य भरोसे छोड़ दिया है। साधु महत्मा के पास डोरे धागे के लिए जा रहे हैं, कुछ नसीब खुल जाए। कांग्रेस के पुराने लोग तो नजर ही नहीं आ रहे हैं। कुछ लोग तो घर पर ही बैठ गए हैं। उनका बाहर निकलने का मन नहीं कर रहा है। कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी का गारंटी के सामने कांग्रेस के झूठे वादे टिक नहीं पाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समाज के वोट बटोरे, लेकिन सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल जैसी सुविधाओं से वंचित रखा। आप याद रखिएगा कांग्रेस जो वादा करती है, वो पूरा कभी नहीं करती। पिछली बार कर्ज माफी का वादा ये डेढ़ साल में पूरा नहीं कर पाए। बीजेपी जितना वादा करती है, उससे ज्यादा पूरा करती है।

जनजातीय दिवस पर शुरू करने जा रहे महत्‍वपूर्ण योजना

पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय दिवस पर केंद्र सरकार एक महत्वपूर्ण योजना शुरू करने जा रही है। गरीब कल्याण के लिए बीजेपी आगे बढ़कर काम करती है। हमने मुफ्त राशन की योजना शुरू की। मेरे देशवासियों को मैं नसीब पर छोड़ नहीं सकता। उस काम को करने में मैं अपनी पूरी शक्ति खपा देता हूं। मैंने निश्चय किया था कि किसी के भी घर का चूल्हा बुझना नहीं चाहिए, इसलिए मैंने अन्न के भंडार खोले। राशन घर-घर पहुंचाया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि पहले वाले सोए पड़े थे, लेकिन गरीब का ये बेटा काम कर रहा है। भाजपा सरकार सुविधाएं दे रही है। जब ऐसे काम होते हैं तभी देश को भरोसा होता है, मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। भाजपा ने जो संकल्प पत्र घोषित किया है वो एमपी के लोगों के विकास का पत्र है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ 6 वनोपज पर एमएसपी देती थी, उनके नेता आकर भाषण झाड़ते हैं जबकि भाजपा 90 वनोपज को एमएसपी देती है। हमारे देश में ढाई करोड़ किसान मोटा अनाज उगाते हैं। ऐसे किसानों के बारे में पहली बार भाजपा ने ही सोचा है। मोटे अनाज को श्री अन्न की पहचान देती है।

मध्‍यप्रदेश में कांग्रेस की हार निश्चित

प्रधानमंत्री ने कहा कि जी-20 में बड़े-बड़े देशों से आए मेहमानों को मोटे अनाज को परोसा गया था। अमेरिका में व्हाइट हाउस में भी मोटा अनाज परोसा गया था। मक्का आज दुनिया के देशों में जा रहा है। भाजपा इथेनॉल प्लांट लगा रही है, जिससे किसानों को मक्के का ज्यादा पैसा मिलना शुरू हुआ था। एमपी में कांग्रेस की हार निश्चित है। उसके नेताओं पर एक और साइड इफेक्ट हुआ है। उसके नेता बौखला गए हैं। कांग्रेस के नेताओं ने अधिकारी-कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया है, लेकिन अधिकारियों को डरने की जरूरत नहीं है। एमपी में आज भी भाजपा है, 3 दिसंबर के बाद भी भाजपा होगी। कांग्रेस के धमकीबाज नेताओं की खुद की कुछ भी गारंटी नहीं है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, आज पूरा देश लोकल के लिए वोकल हो रहा है। भारतीयों के बनाए उत्पाद देश खरीद रहा है। इस बार दिवाली में पौने चार लाख करोड़ रुपये की खरीदारी की और भारत की बनी चीजों की की। पहले इतना खर्चा होता था तो आधा माल बाहर का होता था। कांग्रेस को ये बोलने में क्यों शर्म आती है? कांग्रेस ने एक बार भी लोकल के लिए वोकल होने की बात नहीं की है। कांग्रेस की विदेशों से कोई सांठगांठ है। बीजेपी सरकार बैतूल के गुड़ को एक जिला एक उत्पाद के लिए बढ़ा रही है। भाजपा की डबल इंजल सरकार लोकल ट्यूरिज्म को बढ़ावा देगी। उन्‍होंने कहा कि हर बूथ पर कमल खिलना चाहिए। मेरी माताएं-बहनें कमल के फूल के लिए मेहनत कर रही हैं।