हरियाणा के नए सीएम होंगे नायब सिंह सैनी, विधायक दल की बैठक में चुने गए नेता

नई दिल्ली: कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम होंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। नायब सिंह सैनी सरकार बनाने का दावा करने राजभवन पहुंच रहे हैं। शाम 5 बजे वो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सैनी ने विधायक दल का नेता चुने जाने पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया।

सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले मनोहर लाल ने BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक बुलाई गई। JJP ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।

लोकसभा में सीट शेयरिंग को लेकर टूटा गठबंधन

JJP लोकसभा चुनाव में हरियाणा में 1 से 2 सीटें मांग रही थी जबकि BJP का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही गठबंधन टूटने की वजह बनी। JJP के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सोमवार को दिल्ली में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले थे लेकिन सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी। दुष्यंत ने दिल्ली में अमित शाह से दोबारा मिलने का समय मांगा है। हालांकि ये मुलाकात होगी या नहीं, ये पक्का नहीं है।