हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार ने हासिल किया विश्वास मत, खट्टर का करनाल विधानसभा से इस्तीफा

चंडीगढ़: हरियाणा में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नई सरकार बनी, जिसने बुधवार (13 मार्च) को विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में बहुमत साबित कर दिया है। विश्वास मत ध्वनिमत से पास हुआ। इसके बाद हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।

सदन में नायब सिंह सैनी सरकार ने विश्वासमत हासिल किया। विधानसभा में बिना मतदान ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर दिया गया। सदन में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे बतौर मुख्यमंत्री सदन में आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं मनोहर लाल की देखरेख में पला बढ़ा हूं। इससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल ने हरियाणा की करनाल विधानसभा सीट से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसका ऐलान आज सदन में किया।

कांग्रेस पर रंजीत चौटाला ने कसा तंज

वहीं, रंजीत चौटाला ने कहा कि अप्रैल में लोकसभा चुनाव आ रहा है, कांग्रेस की टिकट लेने के लिए लोग तैयार नहीं हैं। सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस पर कांग्रेस ने विरोध जताया। विधायक रघुबीर कादियान ने कहा किसी पर कीचड़ उछालना अच्छी बात नही है। रंजीत चौटाला ने कहा कि अप्रैल में मेंडेट आएगा, जिसमें पता लग जाएगा कौन कहां खड़ा है।