युवतियों से छेड़खानी व दौड़ाकर पिटाई के मामले में नौ गिरफ्तार, कोतवाल लाइन हाजिर

बहराइच: कोतवाली नानपारा इलाके में दो दिन पहले बाजार गईं युवतियों से छेड़खानी करने व विरोध पर उनकी पिटाई के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त रवैया अपनाया है। मामले में नौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 36 घंटे के भीतर ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने सभी पर गैगेस्टर एक्ट की कार्रवाई करने की तैयारी की है। पूरे प्रकरण में लापरवाही को लेकर नानपारा कोतवाल पर भी एसपी की गाज गिरी है।

पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ल ने बताया कि रविवार देर शाम कोतवाली नानपारा इलाके की तीन युवतियां ककरहा बोधवा चौराहे पर लगने वाली साप्ताहिक बाजार में घरेलू सामान खरीदने आईं थीं। इस दौरान वहां मौजूद सलमान ने साथियों संग युवतियों पर फब्तियां कसते हुए छेड़खानी शुरू कर दी। सरेआम घटना को अंजाम देने वाले इन मनबढ़ युवकों को कोई टोकने की साहस नहीं कर पा रहा था। आजिज आकर जब तीनों ने विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। बाजार में तीनों को शोहदों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

गैंगेस्‍टर एक्‍ट के तहत भी कराई जाएगी कार्रवाई

मौके पर मौजूद लोगो ने साहस कर उन्हें बचाने का प्रयास किया तो बोधवा निवासी सलमान ने भाई असलम, हलीम, कलीम उर्फ इब्राहिम, मुबारक, रहीस, निजाम, अबरार व शमसेर के साथ मिलकर सभी को जमकर पीटा। मारपीट की घटना से बाजार में भगदड़ मच गई। एएसपी ग्रामीण डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें ककरी मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। उन्होंने बताया कि दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वालों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई भी कराई जाएगी। कार्यों में लापरवाही को लेकर नानपारा कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।