निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को पेश करेंगी

मोरारजी देसाई का तोड़ेंगी रिकॉर्ड

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को लगातार छठी बार बजट पेश करने जा रही हैं। इस बार का बजट पूर्ण बजट नहीं होगा क्योंकि 2024 में लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। इसलिए सरकार चुनाव से पहले के खर्चे को पूरा करने के लिए अंतरिम बजट पेश करेगी। यह हर बार लोकसभा चुनाव से पहले पेश होता है। इसके साथ ही वह लगातार पांच पूर्ण बजट और एक अंतरिम बजट पेश करने वाली देश की दूसरी वित्त मंत्री होंगी। यह उपलब्धि अब तक केवल पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम है।

सीतारमण एक फरवरी को अंतरिम बजट पेश करने के साथ, मनमोहन सिंह, अरुण जेटली, पी चिदंबरम और यशवंत सिन्हा जैसे पूर्व वित्त मंत्रियों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगी। इन नेताओं लगातार पांच बजट पेश किये थे। वित्त मंत्री के रूप में देसाई ने 1959-1964 के बीच पांच सालाना बजट और एक अंतरिम बजट पेश किये थे। एक फरवरी को वित्त वर्ष 2024-25 का पेश होने वाला अंतरिम बजट लेखानुदान होगा। यह सरकार को अप्रैल-मई के आम चुनावों के बाद नई सरकार आने तक कुछ निश्चित मदों में खर्च करने का अधिकार देगा।