दोस्त की बेटी की शादी में आए शख्स की गोली मारकर हत्या

पति-पत्नी विवाद के चलते हुई हत्या

नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ी वारदात सामने आई है। यहां एक फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान एक शख्स को गोली मार दी गई। घायल शख्स को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना बिसरख गांव के अशोक फार्म हाउस की है। मृतक का नाम अशोक बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक अशोक यादव नोएडा के होशियारपुर गांव का रहने वाला है। बिसरख के रहने वाले विनोद यादव की बेटी की सोमवार को शादी थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए अशोक यादव आया था। बताया जा रहा है कि अशोक विनोद का दोस्त था। इसी शादी में शेखर यादव जो हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र के गांव रजवाड़ा का रहने वाला है, वह भी आया हुआ था। अशोक और शेखर दोनों आपस में समधि हैं। शेखर की बेटी की शादी अशोक यादव के बेटे से हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच में विवाद हुआ और मामला कोर्ट में गया, जहां पर दोनों पक्षों में सुलह हो गया था। इधर, शादी समारोह में रात करीब 9:30 बजे शेखर और उसके 2 अन्य साथियों ने अशोक यादव उर्फ बुद्धु प्रधान को गोली मार दी। अस्पताल जाते वक्त अशोक की मौत हो गई।