लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी ने 8वां प्रत्याशी भी उतार दिया। पूर्व राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने विधानसभा में अपना नामांकन भरा।
इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद थे। संजय सेठ के नामांकन करने के बाद अब यूपी से राज्यसभा के लिए कुल 11 प्रत्याशी हो गए हैं। ऐसे में एक सीट के लिए फाइट यानी 27 फरवरी को वोटिंग होगी।
संजय सेठ के नामांकन के बाद वोटिंग जरूरी
इससे पहले, बुधवार को भाजपा के 7 प्रत्याशियों ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया था। इससे पहले मंगलवार को सपा के तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया था यानी उत्तर प्रदेश से कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे। राज्यसभा की 10 सीटें खाली हुईं थीं। ऐसे में 10 प्रत्याशी होने तक वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ती। संजय सेठ के नामांकन करते ही अब वोटिंग होगी।
सपा से भाजपा में आए थे संजय सेठ
गुरुवार को अचानक बीजेपी ने संजय सेठ का नाम आगे कर दिया। दरअसल, बीजेपी मान रही है कि वोटिंग में वह संजय सेठ को भी जीता लेगी। संजय सेठ पहले सपा में थे। सपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। लेकिन फिर वह बीजेपी में शामिल हो गए। राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। उस सीट पर जब उपचुनाव हुए थे। तब संजय सेठ राज्यसभा पहुंचे थे। हालांकि, कार्यकाल खत्म हुआ तो पार्टी ने उन्हें दोबारा रिपीट नहीं किया था।