लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अब तो बीजेपी के लोग ही कह रहे हैं कि नहीं चाहिए भाजपा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल के रूप में इतनी कमजोर कभी भी नहीं थी। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि किसने सोचा था कि भाजपा के ऐसे दिन भी आएंगे कि कुछ उम्मीदवार टिकट मिलने से पहले कुछ और काम को ज्यादा जरूरी बताने का बहाना करके दावेदारी छोड़ देंगे। कोई खेल को राजनीति से अधिक गंभीर मानकर बाहर जाने की बात करेगा तो कोई पर्यावरण के बहाने पतझड़ी भाजपा से बाहर निकलने के लिए प्रार्थना पत्र लिखेगा।
किसने सोचा था कि भाजपा के ऐसे दिन भी आएँगे कि :
– कुछ उम्मीदवार टिकट मिलने से पहले कुछ और काम को ज़्यादा ज़रूरी बताने का बहाना करके दावेदारी छोड़ देंगे
– कोई खेल को राजनीति से अधिक गंभीर मानकर बाहर जाने की बात करेगा
– कोई पर्यावरण के बहाने पतझड़ी भाजपा से बाहर निकलने के लिए…— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 4, 2024
कोई टिकट कटने पर संन्यास लेने का ऐलान कर देगा तो कोई टिकट मिलने के बाद भी दूर से ही सोशल मीडिया पर अपने व्यक्तिगत कारणों से टिकट को ठुकरा देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक दल के रूप में इतनी कमजोर कभी नहीं थी। अब तो जनता के अलावा, भाजपा वाले भी ख़ुद ही कह रहे हैं कि भाजपा नहीं चाहिए। शनिवार को भाजपा की पहली सूची आने के पहले ही कई प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। भाजपा ने पहली सूची में 195 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।