ब्रिक्‍स देशों में 2033 तक 85% बढ़ जाएगी करोड़पतियों की संख्‍या, भारत रहेगा आगे: रिपोर्ट

नई दिल्‍ली: हेनले एंड पार्टनर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रिक्स देशों में अगले दशक में करोड़पतियों की संख्‍या में बढ़ोत्‍तरी देखी जाएगी, जिसमें भारत अग्रणी है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2033 तक प्रति व्यक्ति संपत्ति में अनुमानित 110% का उछाल देखने को मिलेगा।

दूसरी ओर, सऊदी अरब में इसी अवधि के दौरान प्रति व्यक्ति संपत्ति में 105% से ज्‍यादा की बढ़ोत्‍तरी देखी जाएगी। संयुक्त अरब अमीरात 95% की वृद्धि के लिए तैयार है। चीन और इथियोपिया की प्रति व्यक्ति संपत्ति में क्रमश: 85% और 75% की बढ़ोत्‍तरी होगी।

ब्रिक्‍स देशों में कौन से देश हैं शामिल?

ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। इस वर्ष पावर ब्लॉक का विस्तार हुआ है, जिसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। साथ ही सऊदी अरब भी इस ब्लॉक में शामिल होने के लिए तैयार है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दशक में चीन की निजी संपत्ति के विस्तार में 92% की बढ़ोतरी देखी गई है। इसी अवधि में भारत 85% विस्तार के साथ दूसरे स्थान पर रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 3,26,400 करोड़पति (1 मिलियन डॉलर से अधिक), 1,044 सेंटी-मिलियनेयर (100 मिलियन डॉलर से अधिक) और 120 अरबपति (1 बिलियन डॉलर से अधिक) हैं। यूएई 77% संपत्ति बढ़ोत्‍तरी के साथ तीसरे स्थान पर रहा।