हसबैंड-वाइफ को जीत दिलाने में लगा विपक्ष, तेजस्वी सूर्या का हमला

लखनऊ: भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से ही ये कल्चर शुरू हुआ है कि उनके प्रत्याशी भाग जाते हैं। राहुल गांधी अमेठी लोकसभा सीट से भाग चुके हैं और मजबूरी में रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ कर रहे हैं। कुछ कैंडिडेट अपनी परंपरागत और पारिवारिक सीट को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी और अखिलेश यादव अपनी खानदानी सीट जीतने में लगे हुए हैं। विपक्ष हसबैंड-वाइफ को जीत दिलाने में लगा है, लेकिन पूरे देश में भाजपा और पीएम मोदी के पक्ष में बड़ी सुनामी चल रही है। 2014 और 2019 से बेहतर चुनावी नतीजा इस बार आने वाला है। इस बार हम वोट शेयर बढ़ाने में सफल रहेंगे।

प्रियंका गांधी के आरोप वास्तविकता से दूर

उन्होंने आगे कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा रोज बेरोजगारी के ऊपर मोदी सरकार पर प्रश्न उठा रही हैं, लेकिन ये आरोप कांग्रेस पार्टी के हर आरोप की तरह वास्तविकता से दूर है। प्रियंका गांधी वास्तविक स्थिति से हटकर देश में भ्रम फैलाने का काम कर रही हैं। सूर्या ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पाकिस्तान के विभाजन के खिलाफ थे, लेकिन सिर्फ नेहरू के कारण भारत का विभाजन हुआ और इसलिए पाकिस्तान से आज कांग्रेस को समर्थन मिल रहा है।

कांग्रेस पार्टी और नेहरू गांधी परिवार को पाक से प्यार है। कांग्रेस पार्टी के नेता पाक से अमन शांति की बात करते हैं और उधर पाक कांग्रेस के नेताओं को जिताने की बात करता है। भारत की राष्ट्रभक्त जनता इसे देख रही है और कांग्रेस पार्टी के इस पाक प्रेम का जवाब दे रही है। कर्नाटक में पाक जिंदाबाद का नारा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लगाया है। ऐेसे में पाकिस्तान से इनका प्यार जगजाहिर है।

आज 30 हजार से ज्यादा स्टार्टअप हैं

उन्होंने आगे कहा कि पिछले दस साल में मोदी जी के नेतृत्व में बेरोजगारी घटी है। सबसे कम बेरोजगारी दर आज भारत में है। इसके पीछे पीएम मोदी के दस साल के प्रयास हैं। पीएम मोदी के आने से पहले सिर्फ 300 स्टार्टअप थे, आज 30 हजार से ज्यादा स्टार्टअप हैं। ज्यादा से ज्यादा स्टार्टअप टीयर 2 और 3 से हैं, जिससे रोजगार बढ़ा है। पांच करोड़ से अधिक लोग ईपीएफओ में रजिस्टर हुए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा युवा हैं।

20 लाख लाख जॉब जेनरेट हुई है

मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग चेन में हब बनकर उभरा है। इस क्षेत्र में हम तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। एमएसएमई सेक्टर को ताकत देने के लिए दो करोड़ से अधिक लोन 20 लाख एंटरप्राइजेज को मिले हैं। इसका मतलब है कि 20 लाख जॉब जेनरेट हुए हैं। मुद्रा लोन में 50 प्रतिशत से ज्यादा लोन महिला को दिया गया है। स्वनिधि योजना से रोजगार मिला है। इन्हीं नीतियों से देश गरीबी रेखा से ऊपर आया है। कांग्रेस से ज्यादा भर्ती भाजपा ने रेलवे में की है। मिशन मोड में पिछले एक साल में केंद्र सरकार की ओर से भर्तियों को भरने का प्रयास हुआ है। आज हम तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था बन रहे हैं।