शाहजहांपुर: जनपद में बढ़ती गर्मी के साथ डायरिया और वायरल बुखार भी अपने पैर पसार रहा है। यहां बुखार से पीड़ित 12वीं की दो छात्राओं की मौत हो गई। डायरिया का प्रकोप बढ़ने से राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। वार्ड फुल होने से एक बेड पर दो से तीन मरीजों को लिटाकर इलाज किया जा रहा है।
शहर के मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी बेकरी संचालक संजीव राठौर की 17 वर्षीय बेटी छवि राठौर आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थीं। चार दिन पहले बुखार आने पर मोहल्ले के डॉक्टर से दवा ली। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर बुधवार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पिता संजीव ने बताया कि छवि को टायफाइड होने के साथ दिमाग में सूजन आ गई थी।
दो छात्राओं की मौत से विद्यालय में अवकाश
डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा तान्या वर्मा ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया। वह अनूप वर्मा की बेटी थीं। प्रधानाचार्य डॉ. राखी मिश्रा ने उनके परिजनों से जानकारी ली। राखी के मुताबिक, आंतों में संक्रमण होने पर बरेली में तान्या का ऑपरेशन हुआ था। उसके बाद बुखार आने से निधन हो गया। दोनों छात्राओं की मौत के बाद विद्यालयों में अवकाश कर दिया गया।
वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि डायरिया बढ़ने से बेड को लेकर दिक्कत आ रहीं है। प्रयास रहता है कि सभी को बेड उपलब्ध कराकर इलाज किया जा सके। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाएगी।
बरतें ये सावधानी
- उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस मिलाकर पानी में पीते रहें।
- शुद्ध पानी पिएं।
- आरओ नहीं होने पर पानी उबालने के बाद ठंडा कर पिएं।
- बासी खाना खाने से बचें, खुले में रखे खाद्य पदार्थ नहीं खाएं।