PCS-2025 से 814 पदों पर भर्ती: यूपी को मिलेंगे 34 एसडीएम और 56 डीएसपी

प्रयागराज: यूपी लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा यानी PCS-2025 के माध्यम से उत्तर प्रदेश को 34 उप जिलाधिकारी (SDM) और 56 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मिलेंगे. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सूचना के अधिकार के तहत पदवार रिक्तियों का विवरण जारी किया है. बता दें कि बीते 12 अक्टूबर पीसीएस प्री संपन्न हो चुकी है, हालांकि पदों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी. अब विवरण जारी किया गया है.

PCS-2025 और ACF/RFO-2025 परीक्षाओं के जरिए कुल 920 पदों पर भर्ती की जानी है. इसमें 814 पद PCS व प्रवर अधीनस्थ सेवा के हैं, जबकि 106 पद ACF और RFO सेवा के लिए निर्धारित किए गए हैं. PCS-2025 के तहत घोषित 814 पदों में सामान्य वर्ग के 371, अनुसूचित जाति के 163, अनुसूचित जनजाति के 22, अन्य पिछड़ा वर्ग के 191 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 67 पद शामिल हैं.

आबकारी निरीक्षक के हैं 123 पद, 105 पद नायब तहसीलदार के: आयोग की ओर से जारी विवरण के अनुसार प्रशासनिक और राजस्व सेवाओं के कई प्रमुख पद PCS-2025 में शामिल किए गए हैं. सबसे अधिक पद आबकारी निरीक्षक के 123 घोषित किए गए हैं. इसके बाद नायब तहसीलदार के 105 पदों पर भर्ती होगी. वहीं 92 पद कोषाधिकारी, लेखाधिकारी के और 85 पद खंड विकास अधिकारी (BDO) के हैं. इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 72, पुलिस उपाधीक्षक के 56, असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) के 45 और श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 37 पद शामिल किए गए हैं.

ACF/RFO-2025 परीक्षा के तहत सहायक वन संरक्षक (ACF) के 10 और क्षेत्रीय वन अधिकारी (RFO) के 96 पदों पर भर्ती की जाएगी. RFO के 96 पदों में 55 सामान्य, 14 एससी, दो एसटी, 16 ओबीसी और नौ ईडब्ल्यूएस श्रेणी के पद शामिल हैं.

PCS-2025: प्रमुख पदों की सूची

उप जिलाधिकारी (SDM): 34
पुलिस उपाधीक्षक (DSP): 56
आबकारी निरीक्षक: 123
नायब तहसीलदार: 105
कोषाधिकारी : लेखाधिकारी: 92
खंड विकास अधिकारी (BDO): 85
खाद्य सुरक्षा अधिकारी: 72
असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर): 45
सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO): 35
श्रम प्रवर्तन अधिकारी: 37