जनता समझ चुकी है है की बीजेपी कैसी पार्टी है: अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि भाजपा और बसपा के अलग-अलग जिलों से कई कार्यकर्ता सपा में शामिल हो रहे हैं। बसपा के पूर्व विधायक शिव कुमार बेरिया सपा में आ गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की प्रत्याशियों की पहली सूची को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। उन्होने कहा, जनता समझ गई है भाजपा कैसी पार्टी है।

अखिलेश यादव बिहार की राजधानी पटना में आयोजित विपक्षी महागठबंधन की जन विश्वास रैली में शामिल हुए थे। इसमें उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया था। भाजपा के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने पहले ही हार मान ली है। भाजपा के प्रत्याशियों की लिस्ट उसकी नाउम्मीदगी की घोषणा है। यह लिस्ट बता रही है कि भाजपा ने केवल उन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं जहां उसके जीतने की थोड़ी सी भी संभावना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पेपर लीक होने की वजह से देश के युवा आत्महत्या कर रहे हैं। मौसम की वजह से किसानों का जो नुकसान हुआ है क्या सरकार उसकी भरपाई करेगी? न वह किसानों की आय दोगुनी कर पाई है और न युवाओं को नौकरी दे पाई है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा इतनी कमजोर पार्टी कभी नहीं थी। भाजपा के लोगों को समाजवादियों से यह सबक लेना चाहिए कि ‘सच्चा विकास’ खोखले शब्दों से नहीं बल्कि सही सोच से होता है। युवाओं को अगर रोजगार पाना है तो भाजपा को हटाना होगा।