पीएम मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च सम्मान, प्रधानमंत्री ने किया दो नए वाणिज्य दूतावास खोलने का ऐलान

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के बीच मंगलवार को शिखर वार्ता हुई। व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को कजान में ब्रिक्स सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया है, 22 से 24 अक्टूबर को रूस में आयोजित किया जाएगा।

आज प्रधानमंत्री मोदी को रूस के सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू’ से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि रूस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होने पर मैं मित्र पुतिन का धन्यवाद अदा करता हूं। यह भारत और रूस की सदियों पुरानी गहरी मित्रता का सम्मान है। ये हमारी आपसी साझेदारियों का सम्मान है।

शांति की बहाली के लिए भारत हर संभव मदद करेगा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे इस बात का संतोष है कि कल हम इतने खुले मन से बात कर रहे थे। कोई लीपापोती नही थी। मैंने देखा कि बहुत सारे विचार थे। मैं एक नई सोच महसूस कर रहा हूं और एक नई सोच सामने आई है। शांति की बहाली में भारत हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार है। विश्व समुदाय को आश्वस्त करता हूं कि भारत शांति के पक्ष में है। शांति के लिए मेरे मित्र पुतिन की बातों को सुनकर मुझमें नई आशा जगी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता में अपने वक्तव्य में कहा कि मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में हमारे संबंध और मजबूत होंगे। ऊर्जा क्षेत्र में भारत और रूस के सहयोग से दुनिया को भी मदद मिली है। भारत लगभग 40 वर्ष से आतंकवाद की चुनौती का सामना कर रहा है। मैं सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा करता हूं। दुनिया को पिछले पांच वर्ष में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले कोविड-19 की वजह से और फिर अनेक संघर्षों के कारण दुनिया को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

रूस में दो नए वाणिज्य दूतावास खोलेगा भारत: मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने रूस में दो नए वाणिज्य दूतावास खोलने का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने बताया कि रूस के कजान और येकातेरिनबर्ग में भारत को वाणिज्य दूतावास खोले जाएंगे। मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मैं आपसे एक अच्छी खबर साझा करना चाहता हूं। हमने तय किया है कि हम कजान और येकातेरिनबर्ग में नए वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। इससे दोनों देशों के बीच यात्रा करना और व्यापार में बढ़ोतरी होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और रूस गंगा-वोल्गा के जरिए रिश्तों को री-डिस्कवर कर रहे हैं। दुनिया के सभी एक्सपर्ट कह रहे हैं कि तीसरी सदी भारत की सदी है। आज विश्व बंधु के रूप में भारत दुनिया को नया भरोसा दे रहा है। भारत की काबिलियत से पूरी दुनिया समृद्धि और शांति की उम्मीद लगा रही है। आज भारत को मजबूत स्तंभ के रूप में देखा जाता है। आज भारत जब कुछ कहता है तो पूरी दुनिया सुनती है। जब भी दुनिया पर संकट पर आता है तो दुनिया भारत की तरफ देखती है।

आज भारतीय सबसे आगे निकलने की तैयारियों में जुटे हैं: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सभी भारतीय अपनी मातृभूमि के लिए सीना तानकर खड़े हो सकते हैं। आप गर्व से बता सकते हैं कि आज का भारत नई बुलंदियों को छू रहा है। आज 140 करोड़ भारतीय दशकों से चली आ रहीं समस्याओं को सुलझाने में विश्वास रखता है और उन्हें दबाकर रखने का रवैया नहीं है। आज भारतीय सबसे आगे निकलने की तैयारी में जुटे रहते हैं। हमने अपनी अर्थव्यवस्था को कोविड संकट से ही बाहर नहीं निकाला बल्कि भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था में से एक बना दिया।

उन्‍होंने कहा कि हम वैश्विक स्तर के मील के पत्थर पार कर रहे हैं। हम दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना चला रहे हैं। आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम है। ये सब देश के 140 करोड़ देशवासी कर रहे हैं। वे सपने भी देखते हैं और संकल्प भी करते हैं और उनकी सिद्धि के लिए जीन जान से जुट जाते हैं। ये भारतीयों की लग्न, मेहनत और निष्ठा से संभव हो रहा है।

पुतिन ने पीएम मोदी को तीसरे कार्यकाल की दी बधाई

शीर्ष नेताओं की मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी। पुतिन ने कहा कि मैं आपको फिर से प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई देना चाहता हूं। यह आपके कई वर्षों के काम का परिणाम है। आप बहुत ऊर्जावान व्यक्ति हैं, आप जानते हैं कि भारत और वहां के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए कैसे काम किया जाए। इसका परिणाम भी दिखा है। आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।