पीएम मोदी ने किया 41,000 करोड़ के रेल प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन, बोले- ये नए विकसित भारत का संकल्प है   

नई दिल्‍ली: अमृत भारत योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (26 फरवरी) को 2000 रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को देश को समर्पित किए। इनमें 553 रेलवे स्टेशन का री-डेवलपमेंट शामिल है। इसके साथ प्रोजेक्ट्स में स्टेशन पर रूफटॉप प्लाजा और सिटी सेंटर विकसित करके सुविधाओं में सुधार करना शामिल है।

27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अमृत भारत स्टेशनों में 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के काम होंगे। इसके अलावा 24 राज्यों में करीब 1500 रोड ओवरब्रिज और अंडरब्रिज की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें राजस्थान के 21 रेलवे स्टेशन और 108 ब्रिज, मध्य प्रदेश के 33 रेलवे स्टेशन और 105 ब्रिज, बिहार के 33 रेलवे स्टेशन और 72 ब्रिज शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कहा- अब अप्रत्याशित रफ्तार से काम कर रहा भारत

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के प्रोग्राम नए भारत के नए वर्क कल्चर का प्रतीक है। आज भारत जो भी कर रहा है, वह अप्रत्याशित रफ्तार से कर रहा है। आज के भारत ने छोटी चीजों का सपना देखना बंद कर दिया है। हम बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात काम करते हैं। ये नए विकसित भारत का संकल्प है।

इन राज्यों में बनेंगे 1500 ब्रिज

रेलवे ने क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रोड ओवर ब्रिज (ROB) और अंडरपास बनाए हैं। मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर भारत में बनने वाले 92 ROB/RUB में से उत्तर प्रदेश में 56, हरियाणा में 17, पंजाब में 13, दिल्ली में 4, हिमाचल प्रदेश में 1 और जम्मू-कश्मीर में 1 ब्रिज शामिल हैं। लखनऊ मंडल में इनकी संख्या 43, दिल्ली में 30, फिरोजपुर में 10, अंबाला में 7 और मुरादाबाद में 2 है।