पीएम मोदी ने किया आगरा मेट्रो रेल परियोजना का वर्चुअली लोकार्पण

सीएम योगी ने आगरा मेट्रो को दिखाई हरी झंड़ी

Agra Metro Inauguration Live Updates: उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने आगरा वासियों को अत्याधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा का तोहफा दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताजमहल मेट्रो स्टेशन से आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें की सात मार्च से आम जनता के लिए आगरा मेट्रो सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा।

आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर में कुल 14 स्टेशन

यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के उप महाप्रबंधक, जनसंपर्क पंचानन मित्र ने बताया कि आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर में कुल 14 स्टेशन है। जिनमें से प्रायोरिटी कॉरिडोर के 6 स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिनमें ताज पूर्वी गेट, कैप्टन शुभम गुप्ता, फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड है और ताजमहल, आगरा किला और मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन भूमिगत हैं। अभी इन 6 मेट्रो स्टेशन के बीच में ही आगरा मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जाएगा। सात मार्च से आम जनता आगरा मेट्रो ट्रेन में सफर कर सकेगी। इसके लिए उन्हें 10 रुपए से 30 रुपए तक प्रति यात्री किराया देना होगा। आगरा मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा।

आगरा मेट्रो रेल परियोजना पर एक नज़र-

  • – आगरा मेट्रो परियोजना की कुल लागत 8,379 करोड़ रुपए
  • – आगरा मेट्रो के 30 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर होंगे
  • – आगरा मेट्रो में कुल 27 स्टेशन बनेंगे, जिसमें 20 एलिवेटेड और 7 भूमिगत होंगे।
  • – प्रथम कॉरिडोर 14 किमी (ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा तक)
  • – द्वितीय कॉरिडोर 16 किमी (आगरा कैंट स्टेशन से कालिंदी विहार तक)

आगरा मेट्रो ट्रेन की खासियत-

  • –  आगरा मेट्रो में 973 यात्री कर सकेंगे सफर
  • – आगरा मेट्रो में बेहतरीन ब्रेक सिस्टम है। इससे विद्युत का उत्पादन होगा।
  • – आगरा मेट्रो ट्रेन कोच में 25 सीसीटीवी और बेहतरीन डिस्प्ले बोर्ड लगा है।
  • – आगरा मेट्रो ट्रेन पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लेस है।
  • – आगरा मेट्रो का संचालन पीएसी डिपो में बने कंट्रोल रूम से होगा।