पीएम मोदी का सहारनपुर से चुनावी शंखनाद, बोले- यूपी में दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर रिलीज

सहारनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (6 अप्रैल) को सहारनपुर से चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने राम-राम से मंच पर पहुंचकर अपना संबोधन शुरू किया और फिर कहा कि दुनिया भर में देश का डंका बज रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा ये स्थान मां शक्ति का स्थान है, ये मां शक्ति की साधना का स्थान है और हिंदुस्तान के हर कोने में शक्ति की उपासना हमारी स्वाभाविक, आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है। हम वो देश हैं, जो कभी भी शक्ति उपासना को नकारते नहीं हैं, लेकिन ये देश का दुर्भाग्य है कि विपक्षी गठबंधन के लोग चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उन सबका क्या हाल हुआ है, ये इतिहास और पुराणों में अंकित है।

भारत अब दुनिया में 5वें नंबर पर

पीएम मोदी ने कहा कि याद कीजिए 2014 के वो दिन, उस समय देश घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। मैंने उस समय गारंटी दी थी कि देश झुकने नहीं दूंगा, हर स्थिति को बदलूंगा। निराशा को आशा और आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी। याद कीजिए तब हमारा भारत 11वें नंबर की ताकत था। अब मोदी ने 5वें नम्बर की ताकत बना दिया है।

आज भारत की तस्वीर विकसित देश की बना दी है। पूरे वर्ल्ड में देश का डंका बज रहा है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि ये चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है।

भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, भाजपा ने लोगों दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है, ये भाजपा के नारा नहीं बल्कि हमारे article of faith है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जितने साल सत्ता में रही, उसने कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। ये विपक्षी गठबंधन भी कमीशन के लिए है। जबकि NDA, मोदी सरकार मिशन के लिए है। पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। इस वर्ष रामनवमी में हमारे प्रभु राम टेंट में नहीं, बल्कि भव्य मंदिर में दर्शन देंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे विरोधी सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं। मैं देश का पहला ऐसा चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है, बल्कि विपक्ष केवल इसलिए चुनाव लड़ रहा है, ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें और NDA की सीटें 400 से कम की जा सकें।

सपा को हर घंटे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं

पीएम मोदी ने कहा कि सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घंटे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी विपक्षी गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि आपको याद होगा, यहां उत्तर प्रदेश में दो लड़कों की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उन दो लड़कों की फिल्म को इन लोगों ने फिर से रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता कि काठ की इस हांडी को ये विपक्षी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे।