प्रशांत कुमार बनाए गए यूपी के कार्यवाहक डीजीपी

सीएम योगी की पहली पसंद बने IPS प्रशांत कुमार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार को कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया है। वह निवर्तमान डीजीपी विजय कुमार का स्थान लेंगे। विजय कुमार भी कार्यवाहक डीजीपी ही थे। वह भी डीएस चौहान कार्यवाहक डीजीपी थे। इस प्रकार प्रशांत कुमार लगातार चौथे कार्यवाहक डीजीपी बनाए गए हैं। बेहद कड़क और ईमानदार क्षवि वाले आईपीएस प्रशांत कुमार 1990 बैच के अफसर हैं। पिछले साल ही वह एडीजी से डीजी के पद पर प्रमोट हुए थे और फिलहाल डीजी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

बिहार के सिवान जिले में हुसैनगंज प्रखंड के हथौड़ी गांव में पैदा हुए आईपीएस प्रशांत कुमार की पुलिसिंग प्रणाली में उनकी गहरी पकड़ है। आईपीएस में चयनित होने के बाद उन्हें तमिलनाडु कैडर मिला था। हालांकि वह 1994 में यूपी कैडर में आ गए थे। उन्हें बहादुरी और उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन बार पुलिस मेडल मिला है। वहीं 2020 और 2021 में वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। बता दें कि निवर्तमान डीजीपी विजय कुमार के रिटायरमेंट को देखते हुए उत्तर प्रदेश में एक सप्ताह से नए डीजीपी नियुक्त करने की कवायद शुरू हो गई थी।