लोकसभा के चौथे और पांचवें की तैयारी, यूपी की सात लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार करेंगे पीएम मोदी

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे और पांचवें चरण की लोकसभा सीट के प्रत्‍याशियों का प्रचार कर माहौल गरमाएंगे। फिलहाल, दो दिनों तक वह लगातार यूपी में सात लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री शनिवार (4 मई) को कानपुर और अकबरपुर लोकसभा सीट पर रोड शो और चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शनिवार को सबसे पहले अकबरपुर लोकसभा के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित गुमटी नंबर 5 के पास गुरुद्वारा में मत्था टेकेंगे। इसके बाद वहीं से खोया मंडी तिराहा कालपी रोड तक रोड शो करेंगे।

रविवार को इन जिलों में करेंगे प्रचार-प्रसार

वहीं, रविवार (5 मई) को पीएम मोदी यूपी के चुनावी दौरे पर इटावा पहुंचेंगे। यहां पर भरथना विधानसभा क्षेत्र में इटावा, कन्नौज और मैनपुरी लोकसभा सीट के  प्रत्याशियों के लिए जनसभा करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री धौरहरा, सीतापुर और खीरी लोकसभा सीट के लिए हरगांव विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करेंगे। यहां की सभा करने के बाद प्रधानमंत्री शाम को अयोध्या पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री वहां श्रीरामलाला का दर्शन करेंगे। इसके बाद सुग्रीव किला से लता मंगेशकर चौक तक रोड शो करके माहौल बनाएंगे।