प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के बेहद करीबी एजाज अख्तर और आसिफ उर्फ दुर्रानी सहित पांच लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की नोटिस के बाद अब वारंट जारी हो गया है। इन आरोपियों में बहुचर्चित राजू पाल हत्याकांड का आरोपी एजाज अख्तर भी है। एजाज उमेश पाल अपहरण कांड में भी आरोपी है। गुंडा एक्ट की नोटिस जारी होने के बाद भी दुर्रानी और एजाज सहित पांच आरोपी फरार हैं।
प्रयागराज कमिश्नरेट कोर्ट ने इन पांचों के खिलाफ वारंट जारी कर तामील कराने का आदेश दिया है। आसिफ उर्फ दुर्रानी पर 17 केस दर्ज हैं। साल 2021 में अतीक गैंग के खास दुर्रानी का आलीशान मकान पीडीए ने ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद वह करेली में डेयरी की आड़ में घर में स्लॉटर हाउस चलाता मिला था। छापेमारी के बाद उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। यह मामला प्रदेश में चर्चा का विषय बना था।
सभी पर गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी
वहीं, बसपा विधायक रहे राजू पाल हत्याकांड में एजाज अख्तर आरोपी है। एजाज पर भी शहर के कई थानों में गंभीर अपराध के मुकदमे दर्ज हैं। दुर्रानी और एजाज के साथ ही असलम, सचिन दूबे और सत्यप्रकाश उर्फ ननकऊ के खिलाफ वारंट जारी हुआ है। इन सभी पर गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी है।