1st Nov Ad

राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने ‘सदैव अटल’ समाधि स्थल पर दी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि

नई दिल्‍ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज पुण्यतिथि है। अटल बिहारी वाजपेयी ने 94 साल की उम्र में 16 अगस्त, 2018 को अंतिम सांस ली थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर पहुंच पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के लिए ‘सदैव अटल’ स्मारक पहुंचे। पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।

जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और ओम बिरला ने दी श्रद्धांजलि

इस दौरान पीएम मोदी के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा ने भी अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसम्बर, 1924 को हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार प्रधानमंत्री रहे। पहली बार 1996 में 13 दिनों की अवधि के लिए वह प्रधानमंत्री बने। फिर 1998 से 1999 तक 13 महीने की अवधि के लिए वह पीएम बने। इसके बाद 1999 से 2004 तक पूर्ण कार्यकाल के लिए वह प्रधानमंत्री पद संभाला।