यूपी में इंडिया गठबंधन की जीत पर प्रियंका गांधी ने जताया सपा का आभार, लिखा ये संदेश 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन को मिली चुनावी सफलता को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सलाम किया और अब उन्होंने अपने सहयोगी दल समाजवादी पार्टी की सराहना की। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सपा के नाम एक संदेश दिया है।

संदेश में प्रियंका गांधी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, प्रो. रामगोपाल यादव समेत समाजवादी पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए लिखा- सपा के मेहनती कार्यकर्ताओं को यूपी के नतीजों के लिए मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। भीषण परिस्थितियों में हम सबने मिलकर एक ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। जमीन पर कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने हिम्मत से जनता के मुद्दों, सामाजिक न्याय और संविधान की आवाज उठाई। तमाम धमकियों व दमन के बावजूद वे एकजुट होकर लोकतंत्र के प्रहरी बने और बूथ-बूथ पर खड़े रहे।  आप सबकी कड़ी मेहनत के चलते हमारी एकजुटता व मुद्दों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में जनता ने भरोसा दिखाया है। आप सभी को दिल से धन्यवाद। जय जनता। जय संविधान।

कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम

इससे पहले उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लेकर लिखा- यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ित किया गया, आप पर फर्जी मुक़दमे लगाये गये, जेल में डाला गया, बार-बार नज़रबंद किया गया मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गये, आप टिके रहे। मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया। आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की क़ीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है।