रायबरेली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार (8 मई) से भाई व प्रत्याशी राहुल गांधी के लिए चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। बछरावां विधानसभा क्षेत्र के फुलवासा में आयोजित नुक्कड़ सभा में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने आपकी जरूरतें और मदद करने की बजाय पांच किलो राशन का बोरा थमा दिया। पांच किलो राशन से क्या होने वाला है? मोदी सरकार में जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।
अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने रायबरेली से अपने परिवार के जुड़ाव का इतिहास भी बताया। उन्होंने कहा कि 103 साल पहले किसान आंदोलन के दौरान नेहरू जी ने यहीं गिरफ्तारी दी थी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह लोग बेरोजगारी और महंगाई जैसे जनता से जुड़े मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। कांग्रेस आई तो नौजवानों को रोजगार मिलेगा और ग्रेजुएट को एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि ये हमारी जिम्मेदारी है कि आपको मजबूत बनाएं, आपके बच्चों का भविष्य उज्जवल हो, आपको हर सुविधा मिल पाए, देश में क्या हो रहा है, इसके लिए आपको जागरुक होना है। उन्होंने कहा कि 25-50000 के लिए देश का किसान आत्महत्या कर रहा है और सरकारी बैंकों से मोदी जी अपने उद्योगपति मित्रों के 16 लाख करोड़ माफ कर रहे हैं। आज नरेंद्र मोदी ने कहा- राहुल गांधी जी अडानी का नाम नहीं ले रहे हैं। सच्चाई ये है कि राहुल गांधी जी हर दिन अडानी की बात करते हैं, वे रोज अडानी की सच्चाई आपके सामने रखते हैं, उसका खुलासा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी जी आपको रोज बताते हैं कि नरेंद्र मोदी की बड़े-बड़े उद्योगपतियों के साथ सांठ-गांठ है। नरेंद्र मोदी ने अपने मित्रों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए, लेकिन किसानों का एक रुपए माफ नहीं किया। नरेंद्र मोदी इस बात का जवाब दें।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की जहां भी सरकारें हैं, वो जनता के लिए काम कर रही हैं। कांग्रेस की कर्नाटका सरकार में महिलाओं को प्रतिमाह 2000 रुपये मिल रहे हैं, उनकी बस यात्रा मुफ्त है। कांग्रेस की सरकारों में कर्जे माफ हुए हैं l नरेंद्र मोदी एक तरफ धर्म की बात करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ उनके मन में जनता के लिए कोई श्रद्धा नहीं है। हम भगवान श्री राम को इसलिए पूजते हैं, क्योंकि उनके पास सत्य की ताकत थी, उनके मन में जनता के प्रति श्रद्धा थी।
राहुलमय हो चुकी है रायबरेली
इसके बाद प्रियंका गांधी ने रायबरेली के हलोर और कुसुड़ी सागर में लोगों से मुलाकात की और संवाद किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली परिवार से कांग्रेस का 100 साल पुराना संघर्ष और स्नेह का नाता है। जब स्वतंत्रता आंदोलन चल रहा था, उसी दौरान पंडित मोतीलाल नेहरू जी और जवाहरलाल नेहरू जी रायबरेली के किसान आंदोलन से जुड़े थे, तबसे आजतक यह रिश्ता कायम है और समय के साथ पहले से भी ज़्यादा मजबूत हुआ है। यहां लोगों के बीच गजब उत्साह है। रायबरेली राहुलमय हो चुकी है।

