रायबरेली लोकसभा सीट से राहुल गांधी ने किया नामांकन, खड़गे-सोनिया समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

रायबरेली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट से शुक्रवार (3 मई) को नामांकन भर दिया है। कांग्रेस ने आज सुबह ही अमेठी और रायबरेली के लिए सीटों की घोषणा की थी। राहुल गांधी ने दोपहर करीब सवा दो बजे कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन भरा। राहुल के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत मौजूद रहे।

राहुल गांधी आज विशेष विमान से दिल्ली से फुरसतगंज पहुंचे। वहां से अमेठी होते हुए रायबरेली आए। रायबरेली के केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में पूजा करने के बाद राहुल का नामांकन जुलूस निकला। भारी भीड़ इस जुलूस में शामिल रही। पहले राहुल गांधी को इस पूजा में शामिल होना था और एक रथनुमा खुले ट्रक में सवार होकर नामांकन करने जाना था, लेकिन नामांकन में देर होता देख वह सीधे अपनी बंद गाड़ी से ही निकल गए।

राहुल गांधी के नामांकन के लिए निकला जुलूस

राहुल गांधी का नामांकन जुलूस हाथी पार्क स्थित कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय से निकला। फिरोज गांधी चौराहा से होते हुए जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस जुलूस में भारी भीड़ देखने को मिली। कार्यकर्ताओं का उत्साह अपने चरम पर था। कांग्रेसी राहुल को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने की बात कहते रहे। इस जुलूस में कांग्रेस के साथ सपा कार्यकर्ता भी दिखे।

सोनिया गांधी का पूरा हुआ वादा

सांसद सोनिया गांधी ने राज्यसभा में जाने से पहले रायबरेलीवासियों के नाम मार्मिक पत्र लिखा था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसी के बाद से कयास लगाए जाते रहे कि गांधी परिवार से कोई न कोई चुनाव रायबरेली से जरूर लड़ेगा। यहां से प्रियंका गांधी का नाम चल रहा था, लेकिन ऐन मौके पर उनके भाई राहुल गांधी के चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया गया।