मोदी कार्यकाल में हुए निजीकरण को सरकारी करने पर बोले राहुल गांधी…

लखनऊ: देश में लोकसभा चुनाव जारी है। इसी बीच तीन चरणों की वोटिंग के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजित राष्ट्रीय संविधान रक्षा और न्याय सम्मेलन में हिस्सा लेने लखनऊ पहुंचे। जहां राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उनसे कई सवाल पूछे गए। राहुल से पूछा गया कि मोदी जी ने जो निजीकरण किया क्या उसको आप फिर सरकारी करेंगे? राहुल गांधी ने इस सवाल के बाद कहा कि ये मुश्किल होगा, लेकिन जो हो रहा है, उसको रोका जाएगा।

राहुल ने खुले तौर पर उन विभागों का जिक्र किया जिन्हें प्राइवेट करने की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रेलवे के अलावा अन्य बड़ी-बड़ी संस्थाओं को प्राइवेट करने की बात की जा रही है। उसे INDIA गठबंधन की सरकार बनने पर नहीं किया जाएगा।

संविधान की रक्षा के लिए हमें लड़ना होगा

राहुल गांधी ने कहा संविधान ने हम सभी को अधिकार दिया है। संविधान की रक्षा के लिए हमें लड़ना होगा। जातीय जनगणना से देश के 90 फीसदी लोगों को संसाधनों में हिस्सेदारी मिलेगी। 90 फीसदी लोगों को दबाया नहीं जा सकता है। संविधान लोगों को ताकत देता है।