Raid on Gayatri Prajapati Residence: समाजवादी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के घर और ठिकानों पर गुरुवार को ईडी ने छापा मारा है। अमेठी के अलावा लखनऊ और मुंबई के 17 ठिकानों पर रेड जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिस समय ईडी ने रेड की उस वक्त गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी और छोटा बेटा अनुराग प्रजापति भी घर के अंदर मौजूद रहे। इसके अलावा गायत्री प्रजापति की महिला मित्र गुड्डा देवी के घर पर भी ईडी ने छापा मारा है।

लखनऊ स्थित आवास पर भी छापा
लखनऊ स्थित गायत्री प्रजापति के आवास पर भी ED की टीम सुबह 6:00 बजे से छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। हालांकि जिस मकान में ED छापेमारी की कार्रवाई कर रही है, उस मकान में गायत्री प्रजापति के परिवार का कोई सदस्य पिछले कई सालों से नहीं रहता है। देश भर के कई शहरों में गायत्री प्रजापति की अवैध फैली हुई संपत्तियों की जांच के लिए आज ED छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। माना जा रहा है कि अमेठी में मौजूद उनके आवास पर मुख्य छापेमारी चल रही है, जहां पर उनका परिवार मौजूद है।