यूपी समेत 7 राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

नई दिल्लीः दिल्ली समेत देश के राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ गई है। राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40-43 डिग्री सेल्सियस के बीच है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, सौराष्ट्र, कच्छ, मराठवाड़ा, पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस ऊपर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में 13 अप्रैल को अलग अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 14 अप्रैल को बारिश के साथ ओले पड़ सकते हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 11 और 12 अप्रैल को बारिश के साथ ओले पड़ने का अलर्ट है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 14 अप्रैल को अलग अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बर्फबारी की भी संभावना है।