दिव्यांगजन के जीवन में बिखरेंगे खुशियों के इंद्रधनुषी रंग

योगी सरकार 3 से 5 फरवरी तक कराएगी दिव्यांगजन रेनबो फेस्टिवल

गोरखपुर: दिव्यांगजन को समाज व विकास की मुख्य धारा में शामिल कराने में जुटी योगी सरकार उनके जीवन में खुशियों के इंद्रधनुषी रंग बिखेरने की एक नई पहल कर रही है। दिव्यांगजन में निहित प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराने के लिए सरकार 3 से 5 फरवरी तक दिव्यांगजन रेनबो फेस्टिवल कराने जा रही है। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्घाटन 3 फरवरी को अपराह्न 3 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

दिव्यांगजन रेनबो फेस्टिवल की मेजबानी दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के बैनर तले स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज लालडिग्गी द्वारा की जाएगी। इस फेस्टिवल को प्रमुख रूप से छह खंडों में नियोजित किया गया है। इसमें दिव्यांगजन द्वारा निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। दिव्यांगजन कि सांस्कृतिक प्रतिभा का सम्मान किया जाएगा। स्वावलंबी दिव्यांगजन की तरफ से फूड कोर्ट लगाया जाएगा। दिव्यांगजन के शैक्षिक पुनर्वास के लिए पुस्तक गैलरी बनाई जाएगी और उनका जीवन सुगम बनाने के लिए सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा।